साइबर संग्राम अभियान 3.0 के तहत नौगांवा थाना पुलिस और जिला साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी साइबर ठगों को 30 प्रतिशत कमीशन के बदले फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने इनके पास से दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (आईपीएस) ने बताया कि जिले में ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, ओएलएक्स फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, फर्जी एटीएम और फर्जी सिम से जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) दीपक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका और वृत्ताधिकारी रामगढ़ पिंटू कुमार के निर्देशन में चल रहा है।इसी अभियान के तहत, थाना नौगांवा प्रभारी हरदयाल सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने खरखड़ी गांव में दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान खरखड़ी निवासी 20 वर्षीय नाजिर खान पुत्र मुबीन खां और आदिल पुत्र साहीन मेडुबास के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी साइबर ठगी करने वाले गिरोहों की मदद करते थे। वे अनजान लोगों को परिचित बनकर या गलती से पैसे ट्रांसफर होने का झांसा देकर ठगी करते थे। ठगी की रकम निकालने के लिए ये 30 प्रतिशत कमीशन पर फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराते थे।
साइबर ठगी की राशि मिलने पर, आरोपी अपना तय कमीशन काटकर शेष रकम गिरोह तक पहुंचाते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
नौगांवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो ठग गिरफ्तार: 30% कमीशन पर देते थे खाते, दो मोबाइल-तीन सिम बरामद

