Patrakaar Balvinder Singh.alwar27news: //सच के साथ आपके साथ// राजस्थान में चल रहे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के अंतिम चरण में आपत्ति अभियान को लेकर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है। एक माह से चल रहे इस अभियान के अंतिम समय में 1397 मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सुनियोजित तरीके से झूठी आपत्तियां लगाकर मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है और उनका मत कटवाने का प्रयास किया जा रहा है।
पिपरोली के 130 मतदाताओं के खिलाफ आपत्ति
सबसे अधिक विवाद पिपरोली गांव को लेकर सामने आया है, जहां एक ही समुदाय के करीब 130 मतदाताओं के खिलाफ एसडीएम कार्यालय में आपत्तियां दर्ज कराई गईं। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर जब बीएलओ मतदाताओं के पास आपत्ति की सूचना लेकर पहुंचे तो गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके नाम से किसने और किस आधार पर आपत्ति दर्ज कराई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।
बीएलओ द्वारा सूचना मिलने के बाद पिपरोली और आसपास के गांवों के मतदाता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अपने नाम से दर्ज आपत्तियों को झूठा बताते हुए जांच की मांग की। इसी क्रम में रामगढ़ विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक मरहूम जुबेर खान के पुत्र एवं कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर बुधवार दोपहर करीब तीन बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रामगढ़ एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
भ्रमित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर ने एसडीएम बाबूलाल वर्मा से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने मांग रखी कि अंतिम समय में झूठी आपत्तियां लगाकर ग्रामीण मतदाताओं को भ्रमित और परेशान करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन मतदाताओं के खिलाफ आपत्ति दर्ज की गई है, उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए।
आर्यन जुबेर ने भविष्य में आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आपत्ति लगाने वाले व्यक्ति के आधार कार्ड व अन्य आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य करने की मांग की। वहीं एसडीएम बाबूलाल वर्मा ने आश्वस्त किया कि बिना ठोस कारण के किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा और बीएलओ टीम घर-घर जाकर निष्पक्ष जांच करेगी।
जिसमें मौजूद रहे.इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष बबली पंडित, कमलचंद जाटव, मांगेराम मास्टर, अनिल जैन, भुवनेश साहु, फखरुद्दीन, अनिल खंडेलवाल, रामू मेघवाल सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
एसआईआर अभियान, रामगढ़ में 1397 मतदाताओं पर आपत्तियों से विवादः कांग्रेस नेता आर्यन जुबेर ने एसडीएम से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की

