Alwar 27 news ///सच के साथ आपके साथ///नौगांव पुलिस ने साइबर सेल और डीएसटी की संयुक्त टीम के साथ मिलकर अंतरराज्यीय साइबर ठग को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ‘साइबर संग्राम अभियान 3.0’ के तहत की गई। आरोपी के खिलाफ संगठित अपराध सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि जिले में ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, फर्जी ओएलएक्स विज्ञापन, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट और फर्जी सिम के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नौगांव थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर में दबिश देकर आरोपी को पकड़ा गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से बनाता था शिकार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मेडिकल इमरजेंसी के नाम पर लोगों से तत्काल आर्थिक मदद मांगता था। वह महिलाओं के सूट-सलवार सस्ते दामों में बेचने के फर्जी विज्ञापन भी देता था और खुद को कपड़ा फैक्ट्री का मालिक बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड और चार मोबाइल बिल बरामद किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर, पंजाब, मध्यप्रदेश के लोगों को भी ठगा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकीन बेटा ईसब के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जम्मू-कश्मीर, पंजाब,मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई लोगों को ठग चुका है। पुलिस ने बताया कि शौकीन पहले भी पंजाब पुलिस और राजस्थान के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के मामलों में गिरफ्तार हो चुका है। फर्जी सिम और बैंक खातों की उपलब्धता को लेकर उससे आगे की पूछताछ जारी है।
जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से कार भी जब्त की गई है। प्रारंभिक जांच में यह कार साइबर ठगी से कमाए गए पैसों से खरीदी गई प्रतीत होती है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी हरदयाल सिंह, हेड कांस्टेबल दयाराम, कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार तथा डीएसटी और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नौगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठग को दबोचाः कार, मोबाइल और अन्य सामान जब्त; सोशल मीडिया के जरिए बनाता था ठगी का शिकार

