साइबर अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर पथराव सरकारी वाहन के शीशे टूटे

20260124 091617

Patrakaar Balvinder Singh

///सच के साथ आपके साथ//youtube.com/@alwar27news.अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कोटाखुर्द गांव में दबिश देने गई पांडिचेरी साइबर पुलिस और रामगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम पर कुछ ग्रामीणों और महिलाओं ने पथराव कर दिया। हमले में पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए। हंगामे के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई में बाधा डालने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया है।

क्या है मामला?

पांडिचेरी साइबर पुलिस के एएसआई संतोष कुमार अपनी टीम के साथ रामगढ़ थाना पहुंचे थे। उन्हें सूचना मिली थी कि पांडिचेरी में साइबर ठगी के आरोपी मुनफेद खान, निवासी कोटाखुर्द, अपने गांव में छिपा है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो लगाकर सस्ता सामान बेचने के नाम पर पांडिचेरी पुलिस विभाग के एक अधिकारी से ठगी की थी। इस मामले में पांडिचेरी साइबर थाने में मुकदमा दर्ज है और आरोपी की लोकेशन कोटाखुर्द गांव में ट्रेस हुई थी।

पुलिस पर पथराव, आरोपी फरार

पुलिस टीम जैसे ही आरोपी को पकड़ने गांव पहुंची, कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया। गांव की महिलाओं ने पुलिस की गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए। मौके पर स्थिति बिगड़ती देख रामगढ़ थानाधिकारी विजेंदर सिंह ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद उद्योग नगर, नौगांवा, बगड़ तिराया, गोविंदगढ़, सदर थाना पुलिस के थानाधिकारी सहित भारी पुलिस बल कोटाखुर्द गांव पहुंचा। रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार भी मौके पर पहुंचे।
डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया, “पांडिचेरी से आई साइबर पुलिस के साथ रामगढ़ थाना पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने गई थी, लेकिन गांव के कुछ लोग और महिलाएं कार्रवाई में बाधा डाल रहे थे। उन्होंने सरकारी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है। इनके खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल, पुलिस साइबर ठगी के आरोपी मुनफेद खान को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ग्रामीणों के विरोध के चलते आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *