Alwar 27 news ///सच के साथ आपके साथ/// रामगढ़ थाना क्षेत्र के जाडोली गांव में धुलंडी की खुशियां उस समय कड़वाहट में बदल गईं, जब दो पक्षों के बीच हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते बड़े झगड़े में खूनी संघर्ष में बदल गई । बुधवार देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले,जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में कर गांव में शांति व्यवस्था कायम कराई। मारपीट में एक पक्ष के चार लोग घायल हो गए। इनमें प्रेमचंद ओड़ राजपूत के सिर में गंभीर चोट आने पर उसे जिला अस्पताल अलवर रेफर किया गया, जबकि लेखराज,रामपाल और देवीचंद का उपचार उप जिला अस्पताल रामगढ़ में चल रहा है।
मामले में घायल पक्ष के लेखराज पुत्र कर्मचंद ने खूबचंद ओड़ राजपूत व उसके साथियों पर घर पर लाठी-डंडों और तलवार से हमला करना और दहशत फैलाने के लिए कई फायरिंग राउंड करना का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शांति भंग के आरोप में खूबचंद पक्ष के दो युवकों राजेंद्र और मनीष को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि दोपहर में बच्चों के बीच हुई छोटी-सी कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों में तनाव पैदा हो गया था। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन शाम को विवाद फिर भड़क गया और मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित पक्ष ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग का भी आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने मौके की जांच के बाद फिलहाल फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि घटना का वीडियो भी सामने आया है और पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
धुलंडी की मस्ती बनी मारपीट: जाडोली में लाठी-डंडे चले, चार घायल, झगड़े का वीडिया सामने

