Patrakaar. Balvinder Singh ///Alwar 27 news
///सच के साथ आपके साथ/// 09/02/2026
रामगढ़ थाना क्षेत्र के ओडेला गांव स्थित खनन क्षेत्र में हुए हादसे के बाद अब राजनीति भी तेज हो गई है। चार दिन पहले पहाड़ दरकने से एक पोकलेन मशीन ऑपरेटर सहित करीब सौ फीट गहरी पानी से भरी खाई में समा गया था। घटना के चौथे दिन भी पोकलेन मशीन और ऑपरेटर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सोमवार दोपहर महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व विधायक साफिया खान ओडेला गांव पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे। साफिया खान ने घटनास्थल का जायजा लिया और माइंस विभाग व स्थानीय प्रशासन से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर सहयोग का आश्वासन भी दिया।अवैध खनन की जांच नहीं करते माइंस विभाग के अधिकारी-खान
पूर्व विधायक ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि हादसे को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि पहले छोटी क्रेन मंगाने की बात कही गई थी, अब बड़ी क्रेन से पोकलेन मशीन को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। साफिया खान ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध खनन धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन माइंस विभाग के अधिकारी इसकी जांच तक नहीं करते।
साफिया खान ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में दर्ज दो माइंस लीज एक ही व्यक्ति के नाम हैं, जिनका मौके पर कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद विधायक ने अब तक पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली है।
रेस्क्यू के लिए बड़ी क्रेन मंगवाई-एसडीएम
एसडीएम बाबूलाल वर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिनों से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बाहर से एक बड़ी क्रेन मंगवाई गई है, जिससे पोकलेन मशीन को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
घटनास्थल पर डीएसपी पिंटू कुमार, एसडीएम बाबूलाल वर्मा, तहसीलदार अंकित गुप्ता, माइंस विभाग के मनोज शर्मा सहित कई थानों का पुलिस जाप्ता मौजूद रहा।

