Alwar 27 news ///Sach ke sath aapke sath///
4 February 2026
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों से पहले
राजस्थान में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। परिसीमन के बाद एससी-एसटी की स्थिति साफ कर दी गई है। परिसीमन के बाद कुल 10245 वार्ड पर चुनाव होंगे। जिसमें से एससी के लिए 1795 और एसटी के 399 वार्ड आरक्षित किए गए हैं।
वार्ड आरक्षण को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। परिसीमन के बाद अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित वार्डों का वर्गीकरण कर दिया गया है। इसके तहत 309 नगरीय निकायों के 10245 वार्डों में से एससी के लिए 1795 और एसटी के लिए 399 वार्ड आरक्षित होंगे।
एससी वर्ग के 552 और एसटी वर्ग के 161 अतिरिक्त वार्ड बढ़े हैं। वहीं, एससी-एसटी वर्ग के लिए करीब 24 अतिरिक्त चेयरमैन पद भी आरक्षित किए गए हैं। इससे शहरी निकायों में इन वर्गों की भागीदारी ज्यादा वार्डों, निकायों तक होगी। उधर, अब निगाहें ओबीसी आरक्षण पर हैं। ओबीसी आयोग की रिपोर्ट के आधार पर इसी माह ओबीसी के लिए आरक्षित वार्डों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके बाद चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अप्रेल में चुनाव की तैयारी
निकायों के चुनाव संभवतया अप्रेल कराए जाएंगे। पिछली बार 196 नगरीय निकायों में चुनाव हुए थे। इस बार निकायों और वार्डों की संख्या बढ़ने से चुनाव का दायरा भी व्यापक होगा।
वार्डों में प्रतिनिधित्व की स्थिति
वर्ष 2019 और 2026 के नगरीय निकाय चुनावों की तुलना से स्पष्ट होता है कि निकायों की संख्या के साथ-साथ कुल वार्डों और आरक्षित वार्डों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2019 में प्रदेश में कुल 196 नगरीय निकाय थे, जिनमें कुल 7,500 वार्ड बने थे। इनमें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए 1,243 वार्ड, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए 238 वार्ड तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 1,502 वार्ड आरक्षित किए गए थे।
वर्ष 2026 में नगरीय निकायों की संख्या बढ़कर 309 हो गई, जबकि कुल वार्डों की संख्या बढ़कर 10,245 हो गई। इनमें एससी वर्ग के लिए 1,795 वार्ड और एसटी वर्ग के लिए 399 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, जबकि ओबीसी आरक्षण का निर्धारण अभी नहीं हुआ है।
चेयरमेन पदों पर आरक्षण की दृष्टि से भी 2019 और 2026 के चुनावों में बड़ा बदलाव आया है। र्ष 2019 में कुल चेयरमेन पदों में से एससी वर्ग के लिए 30, एसटी वर्ग के लिए 06 और ओबीसी वर्ग के लिए 39 सीटें आरक्षित की गई थीं।
वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़ाकर एससी के लिए 49 और एसटी के लिए 11 कर दी गई है, जबकि ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षण का निर्धारण अभी नहीं हुआ है।
चार में परिसीमन पर स्टे, पर चुनाव होंगे
309 में से 305 निकायों में वार्डों का पुनर्गठन व परिसीमन हो चुका है। चार निकाय ऐसे हैं, जहां परिसीमन पर कोर्ट स्टे है। इनमें बोरावड (डीडवाना-कुचामन), तारानगर (चूरू), बड़ी सादड़ी (चितौड़गढ़), देवगढ़ (राजसमंद) निकाय शामिल हैं। यहां केवल परिसीमन पर स्टे है, लेकिन चुनाव पर नहीं। इसलिए मौजूदा वार्डों के आधार पर चुनाव कराए जाएंगे

