नेवाड़ी की पहाड़ी की तलहटी में मिला अज्ञात युवक का शव, सिर पर गंभीर चोट; हत्या की आशंका, एफएसएल टीम को मौक पर बुलवाया

20260716 071349

16 /07/2026.Alwar 27 news //सच के साथ आपके साथ//रामगढ़ क्षेत्र के नौगांवा थाना अंतर्गत नेवाड़ी गांव के पास पहाड़ी की तलहटी में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर नौगांवा थाना प्रभारी हरदयाल यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने देखा कि युवक पहाड़ी की तलहटी में मृत अवस्था में पड़ा था। मृतक ने शर्ट और पायजामा पहन रखा था। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को मौके पर बुलाया है।
पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक कौन है, उसकी मौत कैसे हुई और वह घटनास्थल तक कैसे पहुंचा। वहीं घटना की सूचना पर रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार भी मौके पर पहुंच रहे है।
थाना प्रभारी हरदयाल यादव ने बताया कि नेवाड़ी की पहाड़ी की तलहटी में एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान युवक के सिर पर गंभीर चोट पाई गई है, जिससे हत्या की आशंका महसूस हो रही है। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को नौगांवा हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया जाएगा। इसके बाद मृतक की शिनाख्त होती है तो परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।यदि शिनाख्त नहीं होती तो मृतक युवक के शव को अलवर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया जाएगा। शिनाख्त होने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *