Alwar 27 news ///सच के साथ आपके साथ///नौगांवा पुलिस ने ‘साइबर संग्राम अभियान 2.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये ठग सोशल मीडिया पर मात्र 550 रुपए में ब्रांडेड लैपटॉप बेचने का झांसा देकर लोगों को ठग रहे थे।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि जिले में ऑनलाइन धोखाधड़ी, सेक्सटॉर्शन और फर्जी सिम जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका और वृत्ताधिकारी पिन्टू कुमार के पर्यवेक्षण में एक टीम का गठन किया गया था।
थाना नौगांवा प्रभारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता से रघूनाथगढ़ के कलसावड़ा मोड़ पर छापा मारा। यहीं से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये ठग सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट कर खुद को लैपटॉप कंपनी का बड़ा थोक विक्रेता बताते थे और व्हाट्सएप चैट के माध्यम से लोगों को विश्वास में लेकर पैसे ठगते थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रघूनाथगढ़ कॉलोनी निवासी वकील (24), नसीम (25) और शाकिर (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 3 मोबाइल फोन और 4 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका उपयोग ठगी के लिए किया जा रहा था।
साइबर ठग गिरफ्तार: 550 रुपए में ब्रांडेड लैपटॉप बेचने का देते थे झांसा, नौगांवा पुलिस ने 3 साइबर ठगों को पकड़ा

