Alwar 27 news ///सच के साथ आपके साथ/// 14 फरवरी 2026
ओडेला गांव स्थित खनन क्षेत्र में हुए हादसे के 9 दिन बाद शनिवार को पोपलेन मशीन ड्राइवर रामानंद का शव मिल गया है। शव पानी में एक बड़ी चट्टान के नीचे दबा मिला।
पहाड़ का हिस्सा गिर गया था
यह हादसा खनन कार्य के दौरान हुआ था, जब अचानक पहाड़ का एक हिस्सा गिर गया। इससे पोपलेन मशीन और उसके चालक रामानंद गहरी पानी भरी खाई में समा गए थे। घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
शुरुआती दिनों में तेज बहाव और अत्यधिक जलभराव के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। सबसे पहले भारी मशीनरी की मदद से पोपलेन को बाहर निकाला गया। इसके बाद खदान में भरे पानी को निकालने के लिए बड़ी मोटरों का उपयोग किया गया, जो कई दिनों तक लगातार चलती रहींपानी कम होने पर हटाए पत्थर, नीचे दबा मिला शव
पानी का स्तर कम होने के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान खदान में उतरे। उन्होंने बड़े-बड़े पत्थरों को हटाने का जोखिम भरा कार्य शुरू किया। शनिवार को एक विशाल चट्टान के नीचे दबा शव दिखाई दिया। टीम के अधिकारियों ने पानी में एक पीला बुलबुला तैरता देखा, जिसकी जांच करने पर पता चला कि यह शव से निकलने वाला तरल पदार्थ था। इसके बाद चट्टान हटाई गई और बिहार निवासी ऑपरेटर रामानंद का शव मिला।
विधायक हॉस्पिटल पहुंचे
काफी मशक्कत के बाद टीम ने शव को बाहर निकालकर रामगढ़ उपजिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। सूचना मिलते ही रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
एसडीएम बाबूलाल वर्मा ने बताया कि प्रशासन ने पूरे समर्पण के साथ कार्य किया है और नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। शव को डी-फ्रीजर एम्बुलेंस के माध्यम से मृतक के गृह राज्य भेजा जाएगा। इस दौरान डीएसपी पिंटू कुमार, एडीएम अलवर, तहसीलदार अंकित गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल में मौजूद रहे।

