Patrakaar, Balvinder Singh //Alwar 27 news//
/// सच के साथ आपके साथ///
रामगढ़ थाना क्षेत्र के ओडेला गांव स्थित खनन क्षेत्र में हुए हादसे के पांचवें दिन मंगलवार को रेस्क्यू टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने लगभग डेढ़ सौ फीट गहरी पानी से भरी खाई से पोपलेन मशीन को बाहर निकाल लिया। यह हादसा खनन कार्य के दौरान पहाड़ का एक हिस्सा दरकने से हुआ था, जिसमें मशीन चालक सहित खाई में गिर गई थी।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पंजाब से बुलाए गए अनुभवी गोताखोर आशु मलिक और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मशीन को बाहर निकालते समय आशु मलिक के पैर में गंभीर चोट लग गई। उन्हें तत्काल रामगढ़ उप जिला अस्पताल में भर्ती करायागया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मशीन बाहर निकालने के बाद प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञों ने उसकी गहनता से जांच की। हालांकि, मशीन के केबिन या आसपास चालक का कोई सुराग नहीं मिला। इससे आशंका है कि चालक पानी में बह गया हो या खाई के किसी अन्य हिस्से में फंसा हो।
डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि चालक की तलाश के लिए स्कॉट डॉग की मदद ली जा रही है। खोजी कुत्ते मशीन तक पहुंचे, लेकिन पानी के किनारे रुक गए, जिससे संकेत मिलता है कि चालक का सुराग पानी में आगे हो सकता है। खाई से पानी निकालने के लिए बड़ी क्षमता की मोटर और पाइप मंगवाए गए हैं, ताकि तलाशी अभियान में तेजी लाई जा सके।
इस हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। पुलिस ने घटना स्थल पर भीड़ को दूर रखा है, ताकि रेस्क्यू कार्य में कोई बाधा न आए।

