अलवर-दिल्ली हाईवे पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के बीजवा गांव के पास रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक डंपर के पहिए के नीचे आ गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
बाजार से लौट रहा था
मृतक की पहचान मंडापुर (लावानिया सिख) निवासी दिलजीत सिंह (17) पुत्र राजा सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दिलजीत रामगढ़ बाजार से काम निपटाकर गांव लौट रहा था। इस दौरान बीजवा के पास डंपर ने उसे चपेट में ले लिया।
हाईवे जाम करने की कोशिश की
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। रामगढ़ थाना प्रभारी अजीत बड़सरा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए हाईवे जाम करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने शव को रामगढ़ के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
परिजनों ने बताया कि दिलजीत दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इस घटना से परिवार में गहरा दुख है।
सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस.थाना प्रभारी अजीत बड़सरा ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसका उद्देश्य फरार डंपर और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करना है। पीड़ित परिवार की रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
रामगढ़ में बीजवा में सड़क हादसा, किशोर की मौतः अज्ञात डंपर ने मारी टक्कर, ड्राइवर मौके से फरार

