दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 10 लाख लूट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार: 8 मई का मामला, व्यापारी को सोने की ईंट का झांसा देकर छीने थे रुपए

img 20260410 193518

Alwar 27 news ///सच के साथ आपके साथ///नौगावां थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 10 लाख रुपए की लूट के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी पर 2 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग भी जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है।

सोने की ईंट मिलने का झांसा दिया

पुलिस ने बताया कि आरोपी संजय बघेल ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुंबई के एक व्यापारी को फोन किया था। उन्होंने खुद को जेसीबी ऑपरेटर बताया और खुदाई के दौरान सोने कीईंट मिलने का झांसा देकर उसे सस्ते दामों में बेचने का लालच दिया।

आरोपियों ने पहले जयपुर में नकली सोने की ईंट का असली सोने का सैंपल देकर व्यापारी का भरोसा जीता। जब सैंपल जांच में असली निकला, तो व्यापारी सौदे के लिए तैयार हो गया।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रुपए छीने

इसके बाद आरोपियों ने व्यापारी को 10 लाख रुपए लेकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुलाया। वहां उन्होंने व्यापारी से रुपए छीन लिए और फरार हो गए। इस घटना के संबंध में 8 मई को नौगावां थाने में मामला दर्ज किया गया था।

थाना प्रभारी हितेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर का उपयोग करते हुए मुख्य आरोपी संजय बघेल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय बेटा गोपाल बघेल (32) निवासी भण्डारा, थाना जुरहरा, जिला डीग के रूप में हुई है।

गूगल से गुजरात-महाराष्ट्र के लोगों के नंबर खोजते थे

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गूगल के माध्यम से गुजरात और महाराष्ट्र के सरपंचों, ज्वैलर्स और व्यापारियों के मोबाइल नंबर खोजते थे। वे उन्हें सस्ते दाम में सोने की ईंट बेचने का झांसा देते और नकली सोने की ईंट में असली सोने का छोटा टुकड़ा सैंपल के रूप में देते थे। भरोसा बनने पर वे लोगों से बड़ी रकम लेकर ठगी या लूट की वारदात को अंजाम देते थे।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी हितेश शर्मा, उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल मुनीष सिंह, ओमप्रकाश, जफर, रविन्द्र तथा साइक्लोन सेल के संदीप और अमित शामिल रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *