Alwar 27 news /// सच के साथ आपके साथ///रामगढ़ में उपखंड अधिकारी (एसडीएम) की कार्यप्रणाली के खिलाफ वकीलों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। रामगढ़ बार एसोसिएशन के अधिवक्ता पिछले लगभग एक महीने से विरोध जता रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बार एसोसिएशन की एक बैठक आयोजित की गई। इसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विरोध प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने एसीजेएम कोर्ट परिसर से लेकर एसडीएम कोर्ट परिसर तक रैली निकाली और एसडीएम के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना प्रदर्शन किया
रैली के दौरान जब अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे, तो रीडर कक्ष बंद मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद वकीलों ने एसडीएम कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर पट्टियां बिछाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एसडीएम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।वकीलों ने चेतावनी दी है कि जब तक एसडीएम की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान सियाराम गुर्जर, ओम प्रकाश गुर्जर, संजय वर्मा, बार के अध्यक्ष अशोक शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार यादव, मोहित जैन, मनीष पोसवाल, संजय यादव और कमल शर्मा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ता रोहिताश सैनी ने आरोप लगाया कि एसडीएम द्वारा अधिवक्ताओं के कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जा रहा है।
अधिवक्ताओं ने मांग की है कि वर्तमान एसडीएम को हटाकर किसी अन्य अधिकारी की नियुक्ति की जाए, ताकि लंबित कार्यों का समय पर निस्तारण हो सके।
रामगढ़ में वकीलों का एसडीएम के खिलाफ धरना जारीः कार्यशैली को लेकर नाराज, रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पर दिया धरना

