साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तारः सस्ते वाहन बेचने का झांसा देकर करता था लाखों की ठगी

screenshot 20260323 174647

Alwar 27 news/// सच के साथ आपके साथ/// नौगांवा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह शातिर आरोपी लोगों को सस्ते दामों में वाहन बेचने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करता था।

अधिकारी बन करता था ठगी

पुलिस ने गांव बहरीपुर के जंगलों में दबिश देकर शाहरुख (33) पुत्र अली मोहम्मद निवासी चीड़वा को पकड़ा। इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाधिकारी हितेश शर्मा ने किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपना निशाना बना रहा था।

जांच में सामने आया कि आरोपी फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पुराने टू व्हीलर्स और फोर व्हीलर्स वाहनों की बिक्री के फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। इन विज्ञापनों में आकर्षक तस्वीरें और बेहद कम कीमतें दिखाकर लोगों को लुभाया जाता था। जब कोई व्यक्ति इन विज्ञापनों पर संपर्क करता, तो आरोपी व्हाट्सएप के जरिए बातचीत शुरू करता था।

वाहन बुकिंग के नाम पर अमाउंट हड़पता

आरोपी खुद को भारतीय सेवा का अधिकारी बताकर पीड़ितों का विश्वास जीतता था। वह कहता था कि उसका तबादला हो गया है, इसलिए वह अपने वाहन जल्दी बेचना चाहता है। इसके बाद, वह वाहन की बुकिंग या ट्रांसपोर्ट के नाम पर पीड़ितों से ऑनलाइन एडवांस राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा लेता था। जैसे ही पैसा उसके खाते में आता, आरोपी अपना मोबाइल नंबर,बंद कर देता और फरार हो जाता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल, आरोपी से गहन पूछताछ जारी है ताकि उसके द्वारा ठगी के शिकार हुए अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *