Alwar 27 news ///सच के साथ आपके साथ/// अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में रविवार दोपहर रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। एसडीएम कार्यालय परिसर के बाहर कांग्रेस नेता आर्यन खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका। इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।
कई कांग्रेस नेता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में अलवर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत, पीसीसी सदस्य अजीत यादव, विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ब्लॉक अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष बोले-मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ रहा
जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में लगातार वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर अपना विरोध जता रही है। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी के आह्वान पर प्रदेश और जिला स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं। गंगावत ने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह प्रभावित हुआ है, जबकि पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
आर्यन खान बोले-आमजन हो रहे प्रभावित
कांग्रेस नेता आर्यन खान ने कहा कि महंगाई से आम लोगप्रभावित हुए हैं और खासकर महिलाओं की रसोई का बजट बुरी तरह बिगड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों के हितों की अनदेखी कर रही है और अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है।
आर्यन खान ने याद दिलाया कि पहले भाजपा नेता गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करते थे, लेकिन आज उन्हीं के शासन में सिलेंडर के दाम दोगुने हो चुके हैं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द गैस सिलेंडर के दाम कम नहीं किए तो कांग्रेस बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
पुलिस बल रहा तैनात
प्रदर्शन की सूचना पर रामगढ़ डीएसपी पिंटु कुमार, थानाधिकारी अजीत बडसरा सहित भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। इस दौरान बबली पंडित, मंडल अध्यक्ष गुरविंदर सिंह,रामहेत जाटव, रितुराज चौहान, रामू मेघवाल, कमलचंद जाटव, महेंद्र कृष्णन, दयाकिशन सैनी, अनिल जैन, उपप्रधान अतर सैनी, सौकत खान, संदीप जैन और हरजीत सिंह सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रामगढ़ में गैस सिलेंडर कीमतों पर कांग्रेस का प्रदर्शनः प्रधानमंत्री का पुतला फूंका, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

