Alwar 27 news ///सच के साथ आपके साथ/// रामगढ़ में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (ADJ कोर्ट) का संचालन बुधवार से शुरू हो गया। लंबे समय से चली आ रही यह मांग अब पूरी हो गई है। इस न्यायालय के संचालन के लिए अलवर के अपर जिला एवं सत्र न्यायालय संख्या-6 के न्यायाधीश को रामगढ़ न्यायालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
कोर्ट परिसर में की आतिशबाजी
न्यायाधीश के बुधवार को रामगढ़ पहुंचने पर अभिभाषक संघ रामगढ़ ने न्यायालय परिसर में उनका स्वागत किया। इस दौरान रामगढ़ डीएसपी परमेश्वर यादव और रामगढ़ थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा समेत कई अधिवक्ता मौजूद थे।
ADJ कोर्ट शुरू होने की खुशी में न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं और वहां मौजूद लोगों ने उत्साह दिखाया। इस मौके पर लड्डू बांटे गए और आतिशबाजी भी की गई। अधिवक्ताओं ने इसे रामगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
लोगों को बार-बार अलवर नहीं जाना पड़ेगा
अभिभाषक संघ रामगढ़ के उपाध्यक्ष मोहित जैन एडवोकेट ने बताया कि रामगढ़ में एडीजे न्यायालय की स्थापना संघ की मुख्य और लंबे समय से लंबित मांग थी। इस मांग को लेकर संघ लगातार कोशिश कर रहा था। अब न्यायालय शुरू होने से रामगढ़ और आसपास के लोगों को गंभीर मामलों के लिए बार-बार अलवर जाने की दिक्कत से राहत मिलेगी।अधिवक्ताओं ने इस कदम के लिए अलवर सांसद और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ-साथ रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सांसद और विधायक के लगातार प्रयासों से ही रामगढ़ में ADJ कोर्ट का संचालन संभव हो पाया है।
इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार यादव, दिनेश शर्मा, राकेश यादव, मोहित जैन, संजय कुमार, लखविंदर सिंह, सुनील यादव, चरणजीत सिंह, राजू राम सांवरिया समेत अभिभाषक संघ के सभी अधिवक्ता मौजूद थे।
रामगढ़ में ADJ कोर्ट शुरू: वकीलों ने किया जज का स्वागत; लड्डू बांटे, आतिशबाजी की

