Alwar 27 news/// सच के साथ आपके साथ///नौगांवा तहसील में अरावली की पहाड़ियों में खनन माफिया रात के अंधेरे में अवैध ब्लास्टिंग और भारी मशीनों से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँचाते हुए पहाड़ों को खोखला कर रहे हैं।
नौगांवा तहसील के हाजीपुर, मूनपुर करमला, धनेटा, रघुनाथगढ़ सहित दर्जनों जगह पहाड़ों में खनन माफिया अवैध खनन कर पहाडों को छलनी करने मे लगे हुए है। खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद है कि वह रात का अंधेरे में क्षेत्र की पहाड़ियों से अवैध खनन कर रहे है। इसके चलते पर्यावरण को भारी नुकसान होने के साथ ही वहा रह रहे ग्रामीणों के जीवन पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की जानकारी होने के बावजूद खनन विभाग चुप्पी साधकर बैठा है।
खनन माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई नही होने से खनन माफिया मे किसी का भय नही है। माफिया पहाड़ों को खोखला करने में लगे हुए है।
रातभर होता है अवैध खनन
ग्रामीणों का कहना है कि रात को कस्बे से होकर पत्थर के टैक्ट्रर ट्राली बेखौफ होकर धड़ल्ले से निकलते है। रात में पहाडों पर लाइट दिखाई देती है। जेसीबी मशीनों सहित एलएनटी चलती है और ट्रालियों व डंपरों से पत्थर भरकर बैखौफ होकर ले जाया जाता है। इन ट्रैक्टरों से पत्थरों को आस पास संचालित क्रेशर पर पहुंचाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने नाम नही छापने की शर्त पर बताया कि खनन क्षेत्र में सुबह मौके पर कुछ नजर नहीं आता। खनिज विभाग व वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की मिलीभगत व सांठ गांठ के चलते क्षेत्र में अवैध खनन बैखौफ होकर किया जा रहा है।
खनन माफिया का सूचना तंत्र इतना मजबूत है कि विभाग द्वारा कार्रवाई की सूचना मिलते ही वह मौके से जेसीबी एवं ट्रैक्टर ट्राली हटाकर गायब हो जाते हैं। कुछ दिन सब शांत रहता है। और उसके बाद फिर वही अवैध खनन का कारोबार शुरू हो जाता है।
नीकच खोला का बास के ग्रामीणों ने बताया कि खनन के लिए पहाड़ों में हॉल के बारूद भरा जाता है। दिन में धमाके होते है। धमाकों से पहाड़ों से पत्थर नीचे गिरते है। पहाड़ दरक जाते है। फिर जेसीबी की सहायता से इन पहाड़ों को तोड़कर खनन किया जाता है। नजदीक ही स्कूल भी है। बच्चे स्कूल जाने से डरते है।
नौगांवा तहसील क्षेत्र में रोजाना करीब 100 से अधिक ट्रैक्टर पत्थरों का परिवहन करते हैं। एक ट्रैक्टर 4 या 5 चक्कर लगाता हैं।
अवैध खनन के बाद गांव की गलियों से होते हुए इनकी सप्लाई क्रेशर पर की जाती है ।
कार्रवाई के नाम खाई खुदवाने की खानापूर्ति
दिसम्बर माह में खनन विभाग की टीम कार्रवाई ललिए मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ही खनन माफिया मौके से गायब हो गया। टीम के द्वारा कार्रवाई के नाम पर खनन के रास्ते पर जेसीबी की सहायता से खाई खुदवाकर खानापूर्ति की गई।
लेकिन खनन माफिया मामला शांत होने के कुछ दिनों बाद ही खाई को भरकर फिर खनन प्रारम्भ कर दिया।
वर्जन
कही भी अवैध खनन हो रहा है तो स्थानीय पुलिस के संयुक्त टीम बनाकर त्वरित कार्रवाई की जावेगी। खनन में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कर उपकरण जब्त किए जाएंगे।
मनोज शर्मा
एमई खनन विभाग अलवर
रात का खेल-अंधेरे में अरावली को छलनी कर रहे खनन माफिया

