पत्रकार बलविंदर सिंह Alwar 27 news//
सच के साथ आपके साथ//
अलवर जिला कलक्टर अर्तिका शुक्ला के आदेश पर रामगढ़ उपखण्ड अधिकारी बाबूलाल वर्मा के नेतृत्व में अवैध खनन के खिलाफ एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम में खनन विभाग से पदमचंद, राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार नौगांवा भगवानदास मीणा, नौगांवा थाना से एएसआई मुसद्दीलाल तथा परिवहन विभाग से इंस्पेक्टर अमर सिंह शामिल रहे।
बुधवार देर शाम संयुक्त टीम ने नौगांवा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान इसन का बास इलाके में अवैध पत्थरों से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया गया। जब टीम ने चालक से पत्थरों के रमन्ने (परिवहन अनुमति पत्र) के बारे में पूछताछ की तो वह हक्का-बक्का रह गया। चालक तैय्यब खान निवासी नाखनौल (थाना नौगांवा) के पास पत्थरों के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज मौजूद नहीं पाए गए।
दस्तावेजों के अभाव में टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही जब्त कर लिया और चालक के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। जब्त किए गए वाहन को सम्मन बास चौकी पर खड़ा करवाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि अरावली क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

